![](https://biharikhabar.in/wp-content/uploads/2022/04/05dl_m_211_05042022_1.jpg)
आरा, 5 अप्रैल । भोजपुर के बड़हरा प्रखण्ड के पश्चिमी बबुरा पंचायत के कपूर दियारा और बबुरा बिंदटोली में आग लगने से 25 झोपड़ियां राख हो गईं। सूचना पर अग्निशमन की गाड़ी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग को बुझाया। दोनों गांवों में अफरा-तफरी मची हुई है। राजनैतिक और सामाजिक लोगों ने मंगलवार को घटना स्थल पर पहुंच कर स्थानीय प्रशासन से मुआवजा देने की मांग की है।
बताया जाता है कि कपूर दियारा और बबुरा बिंदटोली के लोग खेत में कटनी करने गए थे। इस बीच किसी के घर में बिजली का शॉर्ट सर्किट हुआ और यहां से निकले चिंगारी ने देखते ही देखते 25 फूस के घरों को चपेट में ले लिया। जब तक लोग आग पर काबू पाते तब तक सभी घर जलकर राख हो गए। इसमें घरों में रखे गेहूं, सरसो, आलू, कपड़े, सायकिल, बाइक, पशु चारा सहित लाखों रुपये के सामान जलकर राख हो गए।
बड़हरा के राजस्व कर्मचारी विष्णु देव सिंह ने आज कपूर दियारा और बबुरा बिंदटोली स्थित घटना स्थल का जायजा लिया और अग्निपीड़ितों की एक सूची बनाकर अंचल कार्यालय को भेजा है। सूची में रघुनाथ महतो, दारोगा महतो, डिप्टी महतो, मुन्नी देवी, ब्रम्हेश्वर साह, भगवान महतो, मानती देवी, बुधिया कुंवर, हिरामुनि देवी, सुगिया देवी, मोटर देवी, लखिया देवी, शैल कुमारी देवी, अमरता देवी, नन्हकी देवी, राम कुमार महतो, कुश महतो, दीपक महतो, राजबहादुर महतो, आपत्ति देवी, विकास महतो, रंजीत साह, पंकज महतो और मंटू महतो के नाम शामिल हैं।