
Patna: Bihar Deputy Chief Minister Samrat Chaudhary addresses the media at his residence in Patna on Thursday, September 4, 2025. (Photo: IANS)

पटना, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को राजद के अध्यक्ष लालू यादव के छठ महापर्व के मौके पर ट्रेन नहीं चलाने के आरोप पर पलटवार करते हुए कहा कि वे जब रेल मंत्री थे तब छठ के समय उन्होंने 178 विशेष ट्रेन चलाने का काम किया था।
पटना में भाजपा मीडिया सेंटर में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सरकार के आग्रह पर 12,075 ट्रेनें चला रही हैं। इसके बाद लालू यादव किस मुंह से आरोप लगा रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने पूरा आंकड़ा भी जारी किया। उन्होंने तेजस्वी की तस्वीर लगाकर नायक बताए जाने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि लालू यादव का बेटा फोटो लगाकर नायक बनने की बात करता है, लेकिन बिहार की जनता इस परिवार को ‘नालायक ‘ मानती है। यदि बिहार की जनता किसी को महानालायक मानती है तो वे लालू यादव हैं, जिन्होंने बिहार को 20 साल पीछे कर दिया। 15 साल बिहार के विकास को रोका।
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि इसके बावजूद लालू यादव ‘एक्स’ पर पोस्ट कर रहे हैं। उन्हें तो शर्म आनी चाहिए। उन्होंने खुद 178 ट्रेनें चलाईं और आज 12,075 ट्रेनें चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग छठ के बाद लौटने का काम करेंगे, उन्हें कन्फर्म टिकट और 20 प्रतिशत टिकट मूल्य में सब्सिडी भी देने का काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लालू यादव लोकतंत्र के साथ मजाक कर रहे हैं। जिन्होंने कुछ नहीं किया हो, बिहार को लूटा हो, चारा और अलकतरा घोटाला किया हो, एमपी, एमएलए बनाने के लिए जमीन लिखवाया हो, होटल देने के लिए जमीन लिखवाया हो। उन्होंने आगे लालू यादव को नसीहत देते हुए कहा कि लालू यादव लोकतंत्र से मजाक मत कीजिए। बिहार की जनता अब विकास के साथ है अब बिहार के साथ अन्याय मत कीजिए। बिहार अब बढ़ता हुआ बिहार है।
–आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी






