
पटना, 05मार्च (हि.स.)। बिहार विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2022-23 के बिहार बजट पर विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि बिहार का बजट विकास की गाथा एवं भविष्य की दृष्टि है। तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, उद्यमिता, रोजगार के अवसर, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में सभी वर्गों के कल्याण और विकास के प्रावधान सुनिश्चित किए गए हैं।
उप मुख्यमंत्री द्वारा दिए जा रहे उत्तर के दौरान विपक्षी सदस्य सदन से बहिर्गमन कर गए, जिसपर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि विपक्ष के सदस्यों को बिहार के विकास की बातों से कोई सरोकार नहीं है। लफ़्फाजी के सरोकारी लोगों का विकासशील बिहार के कार्यों से कोई वास्ता नहीं है।उन्होंने कहा कि बिहार में अब लालटेन नहीं, बिजली का बल्ब जलता है। फोटोकॉपी के चंद पन्नों से नहीं चलता है बिहार। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार ने पिछले 16 वर्षों में बिहार को विकास के जिस पैमाने पर खड़ा किया है, उसे बिहार की जनता महसूस कर रही है।